मामला दक्षिणी दिल्ली के कोटला मुबारकपुर थाना इलाके का है। हत्या का केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिला पुलिस अतिरिक्त उपायुक्त चिन्मॉय बिश्वल के मुताबिक मृत महिला की पहचान शबनम (35) के रूप में की गई है। तय्यब पर पत्नी की हत्या का आरोप है। मामले की जानकारी पुलिस को शनिवार सुबह मिली थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शबनम अपने पति तय्यब व दो बच्चों के साथ कोटला इलाके में रहती थी और उसका पति दो सालों से सउदी में टेलरिंग करता था। पिछले दिनों वह वापस आया तो छोटी-छोटी बातों में उसकी लड़ाई शबनम से होती रहती थी। पड़ोसियों से पूछताछ के मुताबिक, दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। पति तैय्यब को शक था कि उसकी पत्नी का किसी अन्य से प्रेम संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो रहा था, जिसे सुनकर मकान मालिक अनिल कुमार वहां पहुंच गए। उन्होंने देखा कि शबनम बिस्तर पर अचेत पड़ी हुई है। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि देर रात तय्यब को नोएडा इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया है।